इंदौर में शनिवार को राशन घर तक पहुंचाने का नया ऑर्डर नहीं लेगा निगम।

इंदौर. किराना सामन समाप्त होने से शहर के अधिकांश लोग परेशान है। नगर निगम की कचरा गाड़ियों के माध्यम से जिन लोगों ने राशन का ऑर्डर दिया था उनमें से कई घरों में अब भी राशन नहीं पहुंचा है। इसके चलते नगर निगम ने शनिवार को नए ऑर्डर नहीं लेने का निर्णय लिया है। निगम कमिश्नर का कहना है ऑर्डर देने वाले जिन घरों में अब तक राशन नहीं पहुंचा हैं वहां राशन पहुंचाना पहली प्राथमिकता है इसके चलते शनिवार को नए ऑर्डर नहीं लिए जाएंगे। शनिवार शाम तक पुराने सभी ऑर्डरों की डिलेवरी कर दी जाएगी। निगमायुक्त का दावा है कि अब तक 70 हजार घरों में राशन पहुंचाया गया है। वहीं किराना सामन की तरह घरों तक सब्जियां पहुंचाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।


निगमायुक्त का कहना है कि 4 अप्रैल से घरों तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था प्रारंभ की गई थी। निगम की कचरा गाड़ियो ं के माध्यम से ऑर्डर लिए गए थे। अब तक 70 हजार घरों तक राशन पहुंचा दिया गया है। हालांकि व्यवस्था के शुरुआती दिनाें में अर्थात 4 और 5 अप्रैल को ऑर्डर देने वाले कई घरों में अब तक राशन नहीं पहुंचा है। शहर के मध्य क्षेत्र में इस प्रकार की समस्या सबसे अधिक सामने आई है। इसके लिए शनिवार को निगम द्वारा नए ऑर्डर नहीं लिए जाएंगे। जिन घरों में अब तक राशन नहीं पहुंचा हैं वहां शनिवार शाम तक राशन पहुंचा दिया जाएगा। उसके बाद रविवार से नए ऑर्डर लिए जाएंगे।


बिस्किट और टूथपेस्ट भी शामिल


नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर व्यवस्था के तहत वर्तमान में 15 तरह के सामानों की डिलेवरी की जा रही है। संभागायुकत आकाश त्रिपाठी के अनुसार अब इस सूची में बिस्किट और टूथपेस्ट को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया है। अब तक इस सूची में आटा, चावल, दाल, खाद्य तेल, शक्कर, चाय पत्ती, आलू, प्याज, दूध पावडर, साबुन, नमक, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पावडर और गरम मसाना शामिल था।


घरों तक सब्जी पहुंचाने पर भी विचार


प्रशासन द्वारा किराना सामान की तरह सब्जियां भी घरों तक पहुंचाने की योजना पर काम किया जा रहा है। संभागायुक्त के अनुसार सब्जियों की होम डिलेवरी के संबंध में विचार किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न सब्जियों का एक पैकेट तैयार किया जाएगा जिसकी कीमत 100 या 200 रुपए तय की जाएगी। जिसे लोगों के घरों तक पहुंचाया जाएगा। इस संबंध में सब्जी उत्पादकों से चर्चा की जा रही है।